थाना समाधान दिवस पर एएसपी एटा ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। शासन के निर्देशानुसार जनपद के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्री राजकुमार सिंह ने थाना कोतवाली देहात पहुंचकर जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं तथा मौके पर मौजूद संबंधित राजस्व व पुलिस अधिकारियों को गंभीरता व पारदर्शिता के साथ शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है ताकि लोगों को न्याय के लिए बार-बार भटकना न पड़े। उन्होंने फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।इस दौरान एएसपी श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जो भी शिकायतें मौके पर निस्तारित हो सकती हैं, उन्हें वहीं पर प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, जबकि शेष मामलों की रिपोर्ट बनाकर निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
थाना समाधान दिवस के दौरान सभी फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया, और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी कोतवाली देहात सहित राजस्व विभाग के अधिकारी, लेखपाल, पुलिसकर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।












