मारहरा में शुरू हुआ एसआईआर अभियान: मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत बीएलओ घर-घर कर रहे फॉर्म वितरण
संवाददाता मुकेश कुमार
एटा। मारहरा में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत हो गई है। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची में नाम बनाए रखने और संशोधन के लिए फॉर्म भरवा रहे हैं। कस्बे के मोहल्ला गफूरगंज में बीएलओ संदीप सिंह मतदाता सूची से संबंधित जानकारी दे रहे हैं और पात्र नागरिकों से गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 70 परिवारों को फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। इस दौरान लोगों को यह भी बताया जा रहा है कि वे सही जानकारी देकर अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाएं, ताकि आगामी चुनावों में मतदान से वंचित न रह जाएं। यह विशेष पुनरीक्षण अभियान 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित किया जा रहा है। पात्रता के तहत व्यक्ति का भारत का नागरिक होना, न्यूनतम 18 वर्ष की आयु पूरी करना, निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी होना और किसी विधि के तहत अयोग्य न होना आवश्यक है।
अधिकारियों के अनुसार यह अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा। इसके बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। निर्वाचन विभाग ने सभी बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिए हैं।












