मिरहची में बैंक संचालक से मारपीट: बोलेरो सवार युवकों ने दुकान से खींचकर सड़क पर पीटा, पुलिस जांच में जुटी
जिला संवाददाता: काव्यांश रावत
एटा। मिरहची कस्बे में पुलिस चौकी के पास एक बैंक संचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बोलेरो सवार कुछ युवकों ने दुकान में घुसकर संचालक को खींच लिया और सड़क पर लाकर बुरी तरह पीटा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना मिरहची कस्बे में स्थित पुलिस चौकी के पास घटित हुई। एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक अनेश कुमार धनगर, निवासी नगला घसिया, ने बताया कि नूरनगर निवासी एक युवक अपने साथ बोलेरो कार में कुछ अन्य युवकों को लेकर आया था। उक्त युवक ने उनकी दुकान में घुसते ही गिरेबान पकड़ लिया और सड़क पर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का कहना है कि हमले में उन्हें चोटें आई हैं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
मिरहची चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित अनेश कुमार की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












