एटा में ग्राम पंचायत सचिवों का तीसरे दिन भी धरना जारी: निलंबित साथियों की बहाली की मांग, अधिकारियों पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
संवाददाता अमन अहमद
एटा जिले में ग्राम पंचायत सचिवों का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। यह धरना विकास भवन परिसर में आयोजित किया जा रहा है। सचिव संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन में बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सचिव शामिल हुए हैं। सचिवों ने आरोप लगाया कि हाल ही में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान दो सचिवों को अनुपस्थित पाया गया, जिसके बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया। धरना दे रहे सचिवों ने इन निलंबित कर्मचारियों की बहाली की मांग की है। उनका कहना है कि जाँच अधिकारी और संबंधित बाबू बहाली के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहे हैं। संघर्ष समिति के अध्यक्ष ने कहा कि यह निलंबन मनमाना है और अधिकारियों द्वारा अनुचित तरीके से किया गया है। सचिवों ने चेतावनी दी कि जब तक निलंबित साथियों की बहाली नहीं होती और भ्रष्टाचार पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन स्थल पर पुलिस बल भी एहतियातन तैनात किया गया है।












