विवाहिता ने ससुरालीजनों पर मारपीट का लगाया आरोप
संवाददाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जनपद मैनपुरी के थाना बेवर क्षेत्र के ग्राम बमिया में विवाहिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, विवाहिता ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके घर पहुंचकर उसके साथ जमकर मारपीट की।पीड़िता का कहना है कि उसके द्वारा दहेज उत्पीड़न का एक मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है। इसी रंजिश के चलते ससुराल पक्ष के लोग उसके घर आ धमके और उसे व उसके परिजनों को गाली-गलौज करते हुए पीटा। शोर सुनकर जब पड़ोसी इकट्ठा हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। विवाहिता ने पूरी घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक मैनपुरी से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी पक्ष लगातार उसे धमकी दे रहा है कि वह केस वापस ले ले, अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे।
फिलहाल, पुलिस ने पीड़िता की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












