एटा में बड़ा सड़क हादसा: पशुओं से भरी मेक्स पिकअप पलटी, दर्जनभर पशुओं की मौत — पुलिस ने 3 पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा/— जिले के टीपी नगर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पशुओं से भरी एक मेक्स पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में करीब एक दर्जन पशुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक पशु गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली देहात पुलिस तथा संबंधित टीपी नगर चौकी टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और घायलों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कई पशु वाहन में फंसे हुए थे जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
पुलिस ने लिया मामला गंभीरता से
हादसे के बाद टीपी नगर चौकी प्रभारी अजय कुमार ने पूरी घटना का संज्ञान लिया और इस संबंध में तीन व्यक्तियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस यह जांच भी कर रही है कि—
वाहन में पशुओं की भरमार क्यों थी?
क्या परिवहन के दौरान कोई अनियमितता या अवैध गतिविधि हो रही थी?
क्या पशुओं को सुरक्षित परिवहन मानकों के तहत नहीं ले जाया जा रहा था?
स्थानीय ग्रामीणों में रोष
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने वाहन मालिक व चालक के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि अक्सर पशुओं को इस तरह ओवरलोड कर ले जाया जाता है जिससे हादसे की संभावना बढ़ जाती है।
पुलिस जांच जारी
कोतवाली देहात पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों पशुओं को उपचार के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया है।












