एटा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर का टायर फटा, अनियंत्रित होकर मकान से टकराया—मोहल्ला हाजीपुरा में बड़ा हादसा टला
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहल्ला हाजीपुरा में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से बाल–बाल बच गया। तेज रफ्तार में गुजर रहे एक ट्रैक्टर का अचानक अगला टायर तेज धमाके के साथ फट गया, जिसके बाद वाहन चालक उसे संभाल नहीं पाया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे स्थित एक पक्के मकान में जा घुसा।
तेज धमाके के साथ फटा टायर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11:40 बजे के आसपास ट्रैक्टर सकीट रोड से शिकोहाबाद रोड की तरफ जा रहा था। जैसे ही वाहन हाजीपुरा मोहल्ले में पहुंचा, उसका अगला टायर जोरदार आवाज के साथ फट गया। इसके बाद चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही ट्रैक्टर बेकाबू होकर डगमगाया और तेज रफ्तार की वजह से सीधे मकान की दीवार से जा टकराया।
मकान की दीवार टूटी, ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान की दीवार में दरारें पड़ गईं और दीवार का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। वहीं ट्रैक्टर का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आस–पास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
राहगीर न होने से टला बड़ा हादसा
स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली कि घटना के दौरान उसी समय सड़क पर न कोई राहगीर था और न ही बच्चे खेल रहे थे। मोहल्ले वालों का कहना है कि इस सड़क से अक्सर लोग और बच्चे गुजरते रहते हैं, लेकिन उस समय संयोगवश सड़क खाली थी। वरना यह हादसा बेहद गंभीर रूप ले सकता था।
मोहल्लेवासियों ने उठाई तेज रफ्तार पर रोक की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर कई वाहन तेज गति से गुज़रते हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में स्पीड कंट्रोल और सड़क सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की गई है












