गांवों के विकास कार्यों में आएगी रफ्तार: मडलौडा में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने की छह गांवों की समीक्षा
जिला क्राइम रिपोर्टर – सागर गोयल
पानीपत (हरियाणा)
पानीपत, 25 नवंबर।
केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार सुबह मडलौडा में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार के आवास पर छह गांवों के विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जहां मडलौडा, नौल्था, बराना, आसन, बापौली और चिकलाना गांवों में चल रही परियोजनाओं की नवीनतम प्रगति पर चर्चा की गई।केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने ग्राम सचिवालय, पार्क एवं योगशाला, शिवधाम विस्तार, फिरने की सड़कों, नालों, स्कूलों की स्थिति, स्ट्रीट लाइट, तालाबों के सौंदर्यीकरण, सीवरेज सिस्टम और लाइब्रेरी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को ग्रामीण विकास की रीढ़ बताते हुए निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण हों। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर सीधे संवाद कर प्रगति को तेज़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं की निगरानी के लिए एक सक्षम कमेटी बनाई गई है, जो जमीनी स्तर पर लगातार प्रगति पर नजर रख रही है। यह उनका इन गांवों का दूसरा समीक्षा दौरा है। उन्होंने कहा कि पहले दौर में दिए गए निर्देशों के बाद यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी कार्य में विलंब न हो। केंद्रीय मंत्री मडलौडा में समीक्षा बैठक के बाद कुरुक्षेत्र में गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर हरियाणा के पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र का हर गांव विकसित, सुविधासंपन्न और आत्मनिर्भर बने, यह उनकी प्राथमिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में चल रही विकास योजनाएँ ग्रामीण जीवन स्तर को नई ऊंचाई देंगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तेजी से काम कर रहे हैं और हर वादा जमीन पर पूरा होता नजर आएगा।
बैठक में पूर्व सांसद संजय भाटिया, केंद्रीय मंत्री प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, सीईओ डॉ. किरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












