मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह: 320 जोड़ों ने रस्मों के साथ बांधे नये बंधन
संवाददाता बिपिन मिश्रा
प्रतापगढ़ 30 नवंबर 2025 राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आज 320 जोड़ों का भव्य विवाह सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस सामूहिक विवाह में 316 हिंदू जोड़ों का विवाह वेद-मंत्रों के बीच सम्पन्न हुआ, जबकि 4 मुस्लिम जोड़ों का निकाह शांति और सौहार्द के माहौल में हुआ।योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को गृहस्थी का सामान दिया गया, साथ ही विवाह पर होने वाले खर्च के लिए सरकार की ओर से आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और असहाय परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना में विवाह के लिए प्रति जोड़ा ₹51,000 की सहायता दी जाती है, जिसमें ₹35,000 सीधे लाभार्थी के खाते में भेजे जाते हैं और शेष राशि आयोजन पर खर्च होती है। विधायक जीतलाल पटेल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा, यह योजना गरीब बेटियों के जीवन में खुशहाली लाने का महत्वपूर्ण कदम है।नवदंपतियों से अपील है कि वे सादगी और प्रेम के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत करें।
कार्यक्रम में सामूहिक भोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नवविवाहित जोड़ों के लिए उपहार वितरण भी हुआ।
इस भव्य आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, सांसद प्रतिनिधि बी.एल. वर्मा, और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए।












