मैनपुरी के आगरा बाईपास पर अतिक्रमण का बोलबाला, दुकानदारों की मनमानी से बढ़ रहा हादसों का खतरा
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। शहर कोतवाली क्षेत्र के आगरा बाईपास रोड पर दुकानदारों द्वारा खुलेआम अतिक्रमण किए जाने से राहगीरों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। दुकानदार बीच सड़क पर ही बालू व गिट्टी डालकर भवन निर्माण का काम कर रहे हैं, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा कब्जे में चला गया है और वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीच सड़क पर पड़े निर्माण सामग्री के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद दुकानदारों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। कई बार सड़क पर बालू-गिट्टी फैल जाने से बाइक सवार और राहगीर फिसलकर घायल हो चुके हैं। इस अतिक्रमण के कारण अब तक कई लोगों की जान भी जा चुकी है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह मौन बना हुआ है।
आगरा बाईपास जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह का अतिक्रमण न केवल यातायात बाधित कर रहा है, बल्कि बड़े हादसों को भी न्योता दे रहा है। स्थानीय जनता ने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है ताकि सड़क पर अवैध कब्जा हटाकर हादसों पर रोक लगाई जा सके।












