हाथरस में ठंड का प्रकोप बढ़ा: हार्ट और सांस के मरीजों की संख्या में इजाफा
संवाददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस में कड़ाके की सर्दी ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर असर डालना शुरू कर दिया है। जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी तथा इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 100 से अधिक मरीज सांस व हृदय संबंधित समस्याओं के साथ पहुंचे। वहीं एमडीटीबी अस्पताल में भी ऐसे मरीजों का दबाव बढ़ा हुआ है। डॉक्टरों के मुताबिक अधिकतर रोगियों में सीने में दर्द, सांस फूलना, तेज खांसी, अस्थमा और ठंड लगने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। तापमान में लगातार गिरावट से अस्थमा और हार्ट मरीजों की संख्या में तेजी आई है।
डॉक्टरों की चेतावनी: ठंड हृदय व अस्थमा पीड़ितों के लिए खतरनाक
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वरुण चौधरी ने बताया कि गिरता तापमान खासकर हृदय रोगियों, अस्थमा पीड़ितों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए अधिक जोखिम पैदा करता है। ऐसे मरीज अपनी नियमित दवाएं समय पर लें और बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
सर्दी से बचाव के प्रभावी उपाय
सुबह और शाम गर्म कपड़े जरूर पहनें
बहुत तेज और ठंडी हवा में बाहर जाने से बचें
गर्म पानी का सेवन करें, ठंडे पेय पदार्थों से दूरी रखें
अस्थमा व हृदय रोगी अपनी दवाएं नियमित रूप से लें
सांस लेने में दिक्कत या सीने में दर्द होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करे
डॉक्टरों ने अपील की है कि अनावश्यक ठंड से बचें और बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखते ही इलाज कराएं, ताकि गंभीर स्थिति से बचा जा सके।












