सदर तहसील की पाँच ग्राम पंचायतों में लीगल एड क्लीनिक स्थापित, विधिक जागरूकता शिविर सम्पन्न
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा, 06 दिसम्बर 2025।
उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित ग्राम न्याय सहायता अभियान के अंतर्गत पंचायत स्तर पर लीगल एड क्लीनिक स्थापित किए जाने के निर्देशों के अनुक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एटा द्वारा सदर तहसील क्षेत्र की पाँच ग्राम पंचायतों में आज विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एटा के आदेशों के अनुपालन में अपर जिला जज/सचिव श्री कमालुद्दीन के नेतृत्व में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह, पंचायत राज अधिकारी मोहम्मद राशिद तथा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम मोहन तिवारी की उपस्थिति में विभिन्न ग्राम पंचायतों में लीगल एड क्लीनिक की स्थापना की गई। कार्यक्रम ब्लॉक शीतलपुर की ग्राम पंचायत मरथरा देव किशन, ब्लॉक मारहरा की ग्राम पंचायत गिरौरा, ब्लॉक सकीट की ग्राम पंचायत टीकमपुर एवं ब्लॉक निधौली कलां की ग्राम पंचायत कुवरपुर चन्द्रभानपुर में आयोजित किया गया। इन क्लीनिकों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, विधिक अधिकारों, निःशुल्क न्यायिक सहायता प्राप्त करने एवं न्यायालय तक पहुँच के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।शिविर में पराविधिक स्वयंसेवक—रिचा यादव, पूनम यादव एवं मध्यस्थ योगेश कुमार—द्वारा उपस्थित लोगों को वृद्धावस्था पेंशन, महिला कल्याण योजनाएँ, विधवा सहायता, बच्चों से सम्बंधित अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाएँ, तथा नालसा हेल्पलाइन हेतु जानकारी दी गई। विशेष रूप से महिलाओं, वृद्धजनों और जरूरतमंद व्यक्तियों को उनके अधिकारों एवं उनके लिए उपलब्ध न्यायिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्वयंसेवक विनीता, खुशबू शर्मा, प्रीती, दीपेश कुमार, प्रिंस एवं संजीव कुमार, स्थानीय पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, आशा कार्यकर्ती, एएनएम एवं आँगनवाड़ी कार्यकर्तियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस आयोजन से ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता को बढ़ावा मिला और जरूरतमंद नागरिकों के लिए न्याय तक सरल पहुँच का मार्ग प्रशस्त हुआ।












