ऑनलाइन हाज़िरी के विरोध में तेज हुआ सचिवों का आंदोलन, साइकिल से फील्ड में उतरे ग्राम पंचायत सचिव
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी/बिछवां —ऑनलाइन हाज़िरी लागू किए जाने के विरोध में ग्राम पंचायत सचिवों का आंदोलन लगातार दसवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत सुल्तानगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत सचिव बुधवार को साइकिल से फील्ड निरीक्षण के लिए निकले, जिससे उन्होंने अपने विरोध को शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शित किया। सचिवों के संगठन द्वारा प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया गया है, जिसके तहत सत्याग्रह की शुरुआत हो चुकी है। सचिवों ने स्पष्ट कहा कि उनका अधिकांश कार्य फील्ड आधारित है, इसलिए ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था व्यावहारिक नहीं है। इसी कारण उन्होंने साइकिल से अपने-अपने ड्यूटी क्षेत्रों में जाकर विरोध दर्ज कराया।सचिवों का कहना है कि यह साइकिल अभियान आंदोलन का पहला चरण है और यह आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 15 दिसंबर से वे विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए संचार माध्यमों का उपयोग बंद कर देंगे, यदि सरकार उनकी मांगों पर विचार नहीं करती। सचिवों ने बताया कि वे मांगें मानने तक सत्याग्रह जारी रखेंगे और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर ब्रजेश कुमार अवस्थी, केके मिश्रा, उदयभान सिंह, उदित चौहान, वीना सक्सेना, रेशमा, अभिषेक गौतम, राजेश यादव, उज्जवल मिश्रा, विनय कुमार, मनोज कुमार, कार्तिक रॉय, योगेश कुमार, मोहनलाल, रोहित कुमार, सौरभ तिवारी, मुकेश कुमार सहित कई सचिव मौजूद रहे।
फोटो परिचय:
ऑनलाइन हाज़िरी के विरोध में साइकिल से ड्यूटी पर जाते ग्राम पंचायत सचिव।












