सहपऊ में स्कूल लौट रही किशोरी से छेड़छाड़, बाइक सवारों ने साइकिल से धक्का दिया; एक गिरफ्तार
संवाददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस जनपद के सहपऊ कस्बे में शुक्रवार को स्कूल से घर लौट रही एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो युवकों ने किशोरी का पीछा करते हुए उसे साइकिल से धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ी। किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के छात्र-छात्राएं मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी युवक फरार हो गए। घटना के बाद किशोरी के परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पीड़िता के भाई की तहरीर पर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है।












