CO पर अभद्र भाषा और धमकी देने का आरोप, महिलाओं व पत्रकारों से दुर्व्यवहार
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत हरदोई। जनपद हरदोई में तैनात सीओ सतेंद्र सिंह का एक वीडियो/ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन पर महिलाओं से अभद्र भाषा का प्रयोग करने और पत्रकारों को घटनास्थल से भगाने के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी (DM) के निर्देश पर सीओ दल-बल के साथ अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई करने पहुंचे थे।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया। इसी बीच आरोप है कि सीओ साहब ने आपा खोते हुए महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया। कथित तौर पर उन्होंने कहा कि “धरना देने से काम हो जाएगा” जैसी बात कहने वालों की गलतफहमी दूर कर दी जाएगी। हालांकि, वायरल क्लिप में प्रयुक्त भाषा बेहद आपत्तिजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान महिलाओं को डराया-धमकाया गया और दबंगई का प्रदर्शन किया गया। इतना ही नहीं, मौके पर कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को भी कथित तौर पर वहां से भगा दिया गया, जिससे मीडिया में भी नाराजगी देखी जा रही है।
घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में आक्रोश है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। नागरिकों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह का व्यवहार दोहराया न जाए।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा लगातार अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही जारी












