राशन दुकान निर्माण को लेकर विवाद, सैकड़ों महिलाओं ने जेई की गाड़ी का किया घेराव

राशन दुकान निर्माण को लेकर विवाद, सैकड़ों महिलाओं ने जेई की गाड़ी का किया घेराव

प्रधान पर बेशकीमती भूमि हड़पने की साजिश का आरोप, आधे घंटे तक चला विरोध प्रदर्शन

संवाददाता: पवन सूर्यवंशी फर्रुखाबाद। जनपद के विकास खण्ड नवाबगंज अंतर्गत ग्राम कक्योली में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन दुकान) के निर्माण स्थल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इसी विवाद के चलते आज सैकड़ों महिलाओं ने जूनियर इंजीनियर (जेई) बृजमोहन की गाड़ी का लगभग आधे घंटे तक घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और निर्धारित स्थान पर ही राशन दुकान निर्माण की मांग की।

ग्राम निवासी व कोटेदार सोनी पत्नी राम तिवारी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम प्रधान पर निजी स्वार्थवश सुरक्षित स्थल को निरस्त कराने का गंभीर आरोप लगाया है। कोटेदार सोनी का कहना है कि पूर्व में राशन दुकान के निर्माण हेतु गाटा संख्या 544 का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन यह स्थान गांव से काफी दूर व सुनसान क्षेत्र में स्थित होने के कारण आपराधिक दृष्टि से असुरक्षित माना गया।

स्थानीय जनता, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लेखपाल द्वारा गाटा संख्या 286 को सबसे उपयुक्त स्थान बताया गया। इसके बाद सर्वसम्मति से इसी स्थान का चयन कर निर्माण के आदेश भी जारी कर दिए गए थे।

आरोप है कि वर्तमान ग्राम प्रधान की नजर इस बेशकीमती भूमि पर है। प्रधान पर यह भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अधिशासी अभियंता से मिलीभगत कर गाटा संख्या 286 को ‘दलदली’ घोषित करवा दिया, जिससे वहां निर्माण कार्य रुक सके। कोटेदार का कहना है कि यदि यह भूमि दलदली है तो उसके आसपास बने अन्य पक्के निर्माण अब तक सुरक्षित कैसे हैं? इसे ग्राम प्रधान की भूमि हथियाने की एक सोची-समझी साजिश बताया जा रहा है।

ग्रामीणों व महिलाओं का कहना है कि गाटा संख्या 286 पूरी तरह सुरक्षित, सुगम व आबादी के बीच स्थित है। यदि जानबूझकर किसी असुरक्षित अथवा सुनसान क्षेत्र में राशन दुकान का निर्माण किया गया, तो भविष्य में लूट, चोरी तथा महिलाओं के साथ अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर सुरक्षित स्थान पर ही राशन दुकान निर्माण की मांग की है।

ये भी पढ़ें पत्रकारों नें भरी हुंकार मान्यता सुरक्षा व अधिकारों की मांग लक्ष्मीराज सिंह को मुख्यमंत्री के नाम सौपा ज्ञापन

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें