ढाईघाट मेले की तैयारियों का डीएम–एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं का लिया जायजा
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
फर्रूखाबाद/फतेहगढ़ मकर संक्रांति पर्व को लेकर थाना शमसाबाद क्षेत्रान्तर्गत लगने वाले ढाईघाट मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी फर्रूखाबाद एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मेला परिसर में पैदल गश्त कर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल सुविधा तथा सुरक्षा इंतजामों की स्थिति का जायजा लिया गया। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पिकेट ड्यूटी तथा घाट क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। मेला क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता बनाए रखने, सुचारू बिजली आपूर्ति, पीने के पानी की उपलब्धता तथा यातायात को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचते हैं, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।












