मैनपुरी में गैस पाइप स्टोर में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन पावर हाउस के नजदीक संसारपुर मोड़ पर उस समय हड़कंप मच गया, जब घरेलू गैस लाइन के पाइप के एक स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही धुआं उठता दिखाई देने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टोर के आसपास जमा कूड़े में पहले आग लगी, जिसने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित गैस पाइप के स्टोर तक पहुंच गई। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे से बचाव हो सका। हालांकि आग लगने से स्टोर में रखा काफी सामान जलकर खाक हो गया। घटना के दौरान आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि प्रारंभिक अनुमान कूड़े से आग पनपने का बताया जा रहा है।
कोई जनहानि नहीं, लेकिन भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।












