संगम स्नान से पहले फतेहपुर में हाई अलर्ट! एडीजी ज्योति नारायण ने माघ मेला-2026 की तैयारियों का लिया मोर्चा, ट्रैफिक-भीड़ प्रबंधन पर दिए सख्त निर्देश
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। माघ मेला एवं मौनी अमावस्या के दौरान प्रयागराज (संगम) में उमड़ने वाली भारी भीड़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक, प्रयागराज जोन, ज्योति नारायण ने बुधवार को माघ मेला-2026 की तैयारियों का गहन जायजा लिया। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह व पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के साथ जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों की मौजूदगी में यातायात, भीड़ नियंत्रण और कानून व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की।
एडीजी ने मकर संक्रांति व मौनी अमावस्या के प्रमुख स्नान पर्वों को देखते हुए रूट डायवर्जन व ट्रैफिक मैनेजमेंट को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों के साथ थाना खागा क्षेत्र के नवीन मंडी, कोतवाली नगर क्षेत्र के मदारीपुर मोड़ स्थित वाहन पार्किंग (होल्डिंग एरिया) तथा लखनऊ बाईपास पर लागू रूट डायवर्जन का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।
इससे पूर्व एडीजी ज्योति नारायण के पुलिस लाइन आगमन पर रिज़र्व पुलिस लाइन में गार्द द्वारा सलामी दी गई। तत्पश्चात गेस्ट हाउस, रिज़र्व पुलिस लाइन में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ यातायात डायवर्जन, पार्किंग, होल्डिंग एरिया, भीड़-प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की गई। साथ ही जनपद के राजपत्रित अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण पर चर्चा करते हुए जिम्मेदारों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शमहेन्द्र पाल सिंह सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने साफ किया कि माघ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून व्यवस्था में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।












