ब्रह्मानंद महाविद्यालय को मिला नया नेतृत्व, डॉ. इंद्रपाल सिंह ने संभाली अध्यक्षता
संवाददाता पवन सूर्यवंशी हमीरपुर
राठ,हमीरपुर।ब्रह्मानंद महाविद्यालय के बी.एड. विभाग में प्रबंध समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। किसी अन्य प्रत्याशी के मैदान में न होने के कारण प्रबंध समिति के अध्यक्ष पद पर डॉ. इंद्रपाल सिंह की दावेदारी पूर्व से ही सुनिश्चित हो चुकी थी। शपथ ग्रहण कार्यक्रम विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त परवेक्षक डॉ. सुनील कुमार कविया की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ. जुझार सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। चुनाव अधिकारी महेंद्र सिंह एडवोकेट द्वारा अध्यक्ष पद का प्रमाण पत्र नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. इंद्रपाल सिंह को सौंपा गया। शपथ ग्रहण के उपरांत डॉ. इंद्रपाल सिंह ने स्वामी ब्रह्मानंद जी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर माथा टेकते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद महाविद्यालय प्रबंध समिति के पूर्व सचिव डॉ. कमलेश सक्सेना, उपाध्यक्ष डॉ. अजय पाल सिंह, डॉ. सतीश सिंह सहित उपस्थित समस्त सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने माला पहनाकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया।कार्यक्रम में कैलाश चंद्र अग्रवाल, के. जी. अग्रवाल सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष से महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपेक्षा जताई।
डॉ. इंद्रपाल सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संस्थान के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्धता दोहराई।












