जनपद एटा में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर एटा पुलिस अलर्ट

जनपद एटा में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर एटा पुलिस अलर्ट

संवाददाता योगेन्द्र सिंह

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा
एटा— गणतंत्र दिवस के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज दिनांक 25.01.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्री श्याम नारायण सिंह द्वारा क्षेत्राधिकारी नगर श्री राजेश सिंह के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत सघन चेकिंग एवं भ्रमण अभियान चलाया गया।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों/तिराहों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सर्राफा बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल एवं ढाबों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया। अभियान के अंतर्गत रात्रि के समय संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की सघन चेकिंग, क्षेत्र में नियमित गश्त एवं सतर्क दृष्टि बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चेकिंग अभियान में जनपदीय अभिसूचना इकाई एवं डॉग स्क्वायड की टीम भी सम्मिलित रही। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के साथ-साथ यात्रियों एवं आमजन के सामान की भी गहन जांच-पड़ताल की गई। होटल, ढाबों, बसों तथा रोडवेज परिसर में पुलिस टीम द्वारा पहुंचकर निरीक्षण किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्री श्याम नारायण सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद पुलिस पूर्णतः अलर्ट मोड में है तथा सुरक्षा के प्रत्येक पहलू पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों एवं ग्रामीण अंचलों में भी लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जनपद पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि गणतंत्र दिवस का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराया जा सके।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें