गैंगस्टर मस्सन पर बड़ी कार्रवाई: सवा करोड़ की छह संपत्तियां कुर्क
संवाददाता अमित शुक्ला, प्रतापगढ़
प्रतापगढ़ में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर गैंग लीडर मस्सन की करोड़ों की संपत्ति कुर्क कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट शिव सहाय अवस्थी ने थाना अन्तू क्षेत्र के ककरहा निवासी गैंगस्टर अभियुक्त के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत यह सख्त कदम उठाया है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, अभियुक्त द्वारा आपराधिक गतिविधियों से अर्जित की गई कुल ₹1.25 करोड़ मूल्य की छह संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश जारी किया गया। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत की गई है, जिसके तहत अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त करने का प्रावधान है।
बताया जा रहा है कि गैंग लीडर मस्सन लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई को अपराध पर नकेल कसने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों पर इसी तरह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत की जा सके और अपराधियों में भय का माहौल कायम रहे।












