प्रयागराज में शिक्षक महासंघ का होली मिलन व हास्य कवि सम्मेलन, 800 से अधिक शिक्षकों-अधिवक्ताओं की रही मौजूदगी
संवाददाता आयुष मिश्र, प्रयागराज।

शिक्षक महासंघ प्रयागराज द्वारा कर्नलगंज इंटर कॉलेज के सभागार में होली मिलन समारोह एवं हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने की, जबकि जिला पंचायत प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिक्षक महासंघ के प्रदेश संयोजक तथा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में इलाहाबाद उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के महासचिव अखिलेश कुमार शर्मा, जिला अधिवक्ता संघ प्रयागराज के अध्यक्ष के.बी. तिवारी तथा पूर्व एमएलसी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनुज कुमार पांडे ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. जनेश्वर मिश्र द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद प्रोफेसर गिरीश चंद्र त्रिपाठी और सुरेश कुमार त्रिपाठी ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित हास्य कवि सम्मेलन में कवि अशोक बेशरम, संतोष कुमार शुक्ला ‘समर्थ’, नीलम त्रिपाठी, जलाल फूलपुरी और चंद्रकांत मिश्रा सहित अन्य कवियों ने अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं से उपस्थित लोगों को होली के रंग में सराबोर कर दिया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि होली प्रेम, स्नेह और आपसी भाईचारे का त्योहार है। समाज में जहां भी रहें, आपसी सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने सुरेश कुमार त्रिपाठी की सराहना करते हुए कहा कि वे न केवल शिक्षकों बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए सदैव उपलब्ध रहते हैं और उनका व्यक्तित्व विलक्षण है। वहीं सुरेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक महासंघ द्वारा आयोजित यह होली मिलन कार्यक्रम शिक्षकों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जीवन में जब भी अवसर मिला, उन्होंने शिक्षकों के हितों के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया है और आगे भी समाज के सभी प्रबुद्ध वर्गों तथा पीड़ितों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव, जिला मंत्री शिव बहादुर यादव, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री जगदीश प्रसाद, कोषाध्यक्ष रविंद्र कुमार त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष रमेश चंद्र शुक्ला, पूर्व जिला अध्यक्ष राम प्रकाश पांडे, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार पांडे, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला महामंत्री विनोद पांडे, अनय प्रताप सिंह, डॉ. सुयोग पांडे, डॉ. वसीम अहमद सिद्दीकी, इंद्रदेव पांडे, उमेश द्विवेदी, संजीव तिवारी, महेंद्र तिवारी, मनीष तिवारी, डॉ. संतोष शुक्ला, पवन तिवारी, अरुण तिवारी, भानु प्रताप मौर्य, अमित पांडे, डॉ. संतोष सिंह, उमाशंकर यादव, राजेश यादव, डॉ. चंद्रमणि शुक्ला, सुधीर मिश्रा, डॉ. बृजेश यादव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 800 शिक्षक, अधिवक्ता, पत्रकार तथा अन्य बुद्धिजीवी उपस्थित रहे और होली मिलन समारोह में सहभागिता निभाई।












