बख्तियारपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो शातिर बदमाश हथियार के साथ गिरफ्तार
संवाददाता शिक्षा तिवारी
बख्तियारपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे दो शातिर बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी वारदात टल गई। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सरडीहा (वार्ड संख्या-12) निवासी सदानंद सिंह के पुत्र गोविंद कुमार सिंह उर्फ बुचकुन सिंह तथा बलवाहाट थाना क्षेत्र के खोजुचक (वार्ड संख्या-02) निवासी अर्जुन सिंह के पुत्र दिलखुश कुमार उर्फ गब्बर के रूप में हुई है। एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर बख्तियारपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और दोनों बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गोविंद कुमार सिंह उर्फ बुचकुन सिंह आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किस आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे तथा उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।












