एटा में विवाहिता पर ससुराल पक्ष का हमला, लाठी-डंडों से पीटकर किया गंभीर घायल
संवादाता अमन अहमद। एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र के नगला मितन गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक विवाहिता को उसके ससुराल पक्ष द्वारा बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पीड़िता अनीता, पत्नी बंटू, ने आरोप लगाया है कि उसकी सास लंबे समय से उसे और उसके बच्चों को प्रताड़ित कर रही थी, जबकि वह अपने पति के साथ अलग रह रही थी।
बताया जा रहा है कि जब अनीता के पति ने अपनी मां को समझाने का प्रयास किया, तो वह नाराज हो गईं। इसी रंजिश के चलते मंगलवार को सास के कहने पर चचिया ससुर संजू, जेठ रवि, ननद ममता और गांव के ही दो अन्य लोग टेटू व गौरव ने मिलकर अनीता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में अनीता को गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलने पर अनीता के परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़िता ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
थाना प्रभारी संजय राघव ने बताया कि महिला का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें शक्तिपीठ मां भद्रकाली मंदिर में कन्या भोज और कन्या पूजन का हुआ आयोजन












