जनपद एटा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना: बेटे ने ससुराल पक्ष को घर बुलाकर बेरहमी से पीटा, 4 घायल
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा के थाना मारहरा क्षेत्र के गांव मोकमपुर में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी बेटे ने अपने ही ससुराल पक्ष के लोगों को घर बुलाकर उनके साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। इस घटना में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने पहले अपने ससुराली जनों को किसी बहाने से घर बुलाया। इसके बाद उसने अपने पिता, भाई और भतीजों के साथ मिलकर उन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से ससुराल पक्ष के लोग संभल भी नहीं पाए और बुरी तरह घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष को लाठी-डंडों से पीट रहे हैं। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस विवाद की मुख्य वजह जमीन का बंटवारा है। दोनों पक्षों के बीच इस मुद्दे को लेकर पहले से ही तनाव चल रहा था, जो आखिरकार हिंसक झड़प में बदल गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया जा रहा है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर पारिवारिक विवाद किस तरह हिंसक रूप ले रहे हैं और रिश्तों की मर्यादा लगातार टूटती जा रही है।












