एटा मेडिकल कॉलेज में पत्रकार से मारपीट का आरोप, डॉक्टर पर उठे गंभीर सवाल
एटा। जनपद के मेडिकल कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया जब एक पत्रकार के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया। घटना के बाद जिले भर के पत्रकारों में आक्रोश फैल गया और मौके पर पहुंचकर उन्होंने विरोध दर्ज कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष पंकज गुप्ता एक जरूरतमंद व्यक्ति की मदद के सिलसिले में मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। इसी दौरान एक डॉक्टर से बातचीत के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि डॉक्टर मुकेश परमार ने आपा खोते हुए पत्रकार के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और थप्पड़ मार दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पत्रकार मेडिकल कॉलेज पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को नियंत्रित किया।
सूत्र बताते हैं कि मामले को रफा-दफा करने की कोशिश भी की गई, लेकिन पत्रकारों ने साफ तौर पर कहा कि बिना कार्रवाई के वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

वहीं, स्थानीय स्तर पर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के व्यवहार को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठते रहे हैं। मरीजों को बाहर से जांच कराने के लिए भेजने और समय पर इलाज न मिलने जैसी शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।
प्रोग्रेसिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पवन चतुर्वेदी ने कहा कि पत्रकार समाज इस मामले में एकजुट है और जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
फिलहाल मेडिकल कॉलेज प्रशासन या आरोपी डॉक्टर की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।












