एटा में भयानक हादसा: सकरी पुलिया पर ट्रक-डंपर भिड़ंत में लगी आग, चालक जिंदा जला
संवादाता अमन अहमद एटा. गुरुवार तड़के एटा जिले के आगरा रोड पर स्थित ईशन नदी की सकरी पुलिया पर दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। मक्का से लदे ट्रक और डस्ट से भरे डंपर की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में डंपर चालक राजवीर, निवासी धौलपुर (राजस्थान), केबिन में फंस गया और जिंदा जलकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना सुबह लगभग 3 बजे हुई, जब पुलिया पर दोनों भारी वाहन आमने-सामने आ गए और तेज टक्कर के बाद आग भड़क उठी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक चालक की जान जा चुकी थी।
सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि शव को मोर्चरी भेजकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
चार घंटे तक थमा यातायात, सकरी पुलिया बनी हादसे की वजह
हादसे के बाद पुलिया पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सड़क पूरी तरह से बंद हो गई और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यातायात प्रभारी अनिल कुमार, नगर और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बुलडोजर की मदद से जले हुए वाहनों को हटाकर करीब चार घंटे बाद मार्ग पर यातायात बहाल किया जा सका।
स्थानीय लोग बोले – चौड़ी हो पुलिया, वरना ऐसे हादसे बार-बार होंगे
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सकरी पुलिया को जल्द चौड़ा किया जाए। आए दिन यहां बड़े वाहनों के फंसने और दुर्घटनाएं होने की घटनाएं सामने आती हैं।
ये भी पढ़ें Pratapgarh: एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, इलाके में फैली सनसनी












