प्रतापगढ़।होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025 परीक्षा को लेकर सख्ती, एसपी ने की समीक्षा गोष्ठी
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025’ की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, सकुशल और नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री दीपक भूकर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। यह गोष्ठी पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में आयोजित की गई, जिसमें अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) श्री बृजनन्दन राय मौजूद रहे।बताया गया कि परीक्षा 25 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक जनपद के 14 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी।बैठक में एसपी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए कड़े निर्देश जारी किए। सभी केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी, जिसमें मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन चेकिंग की जाएगी और सभी केंद्र CCTV निगरानी में रहेंगे।नकल माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए एलआईयू समेत खुफिया एजेंसियों को सक्रिय किया गया है और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और केंद्रों के बाहर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों को त्वरित प्रतिक्रिया के निर्देश भी दिए गए हैं।एसपी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अंत में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया।
ये भी पढ़ें जमीनी विवाद से परेशान युवती पानी की टंकी पर चढ़ी, मचा हड़कंप












