गाजीपुर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत धार्मिक आयोजन, महादेवा मंदिर में रुद्राभिषेक व दीपोत्सव
गाजीपुर: ‘‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’’ के अवसर पर जनपद में भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह पर्व सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष एवं मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 8 से 11 जनवरी 2026 के बीच गुजरात के सोमनाथ में आयोजित हुआ था, जिसमें प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।
भारत सरकार के निर्देशानुसार जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक इस पर्व को देशभर में जनभागीदारी के साथ मनाए जाने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत स्थानीय स्तर पर विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में गाजीपुर के बड़ा महादेवा शिव मंदिर में रुद्राभिषेक, महाआरती, दीपोत्सव एवं भजन कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न हुए। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह ‘चंचल’, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, सूचना अधिकारी राकेश कुमार (परिवार सहित) एवं सहायक पर्यटन अधिकारी रामकुमार मौर्य ने पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ मुख्यालय से आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए जाने का लाइव प्रसारण भी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने देखा और सुना।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, मंदिर के पुजारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें साहित्य चेतना समाज की काव्य गोष्ठी में गूंजे भाव और विचार












