मऊ में भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रहे परिवार के 5 लोगों की मौत, ड्राइवर को झपकी बनी वजह
डिप्टी स्टेट ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चौहान 


उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। यह हादसा दोहरीघाट थाना क्षेत्र में सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब रांची से गोरखपुर लौट रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी को काटकर शवों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।
शादी से लौट रहा था परिवार
मृतकों की पहचान गोरखपुर के रहने वाले विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) और बेटे कृतार्थ (27) के रूप में हुई है। इसके अलावा दोनों ड्राइवर—नीतीश कुमार (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28), जो बिहार के गया के निवासी थे, भी हादसे में जान गंवा बैठे। बताया जा रहा है कि विनय श्रीवास्तव की बेटी की शादी 20 अप्रैल को रांची में हुई थी। शादी के बाद परिवार 24 अप्रैल को किराए की स्कॉर्पियो से गोरखपुर के लिए निकला था। लंबी दूरी को देखते हुए गाड़ी में दो ड्राइवर रखे गए थे।
झपकी बनी हादसे की वजह
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय गाड़ी की रफ्तार 90 से 100 किमी प्रति घंटा थी। ड्राइवर पुरुषोत्तम कुमार गाड़ी चला रहा था, तभी उसे झपकी आ गई। इससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गई। टक्कर के बाद ट्रेलर स्कॉर्पियो को कई मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
गैस कटर से काटकर निकाले गए शव
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और शव अंदर बुरी तरह फंस गए। पुलिस को शव निकालने के लिए गैस कटर और ट्रैक्टर मंगाना पड़ा। गाड़ी को काटकर और ट्रेलर से अलग कर शवों को बाहर निकाला गया। शवों की हालत इतनी खराब थी कि कई की पहचान करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।












