रेलवे सुरक्षा बल का जागरूकता अभियान: विद्यार्थियों को सुरक्षा, स्वच्छता और अपराधों से बचाव का संदेश
रिपोर्ट: जय भगवान बघेल स्थान: मथुरा, उत्तर प्रदेश
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मथुरा जंक्शन द्वारा विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के निर्देशन में दिनांक 25 अप्रैल 2026 को संपन्न हुआ। अभियान सहायक सुरक्षा आयुक्त अरुण कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाया गया, जिसमें प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ मथुरा उपदेश कुमार कौशिक, उप निरीक्षक सूरज मीना एवं स्टाफ की टीम शामिल रही। टीम ने नरहोली पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के पास स्थित एस.आर. पब्लिक स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलाया। अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे सुरक्षा, स्वच्छता, यात्री सुरक्षा और सामाजिक अपराधों के प्रति छात्रों को जागरूक करना रहा।
इन विषयों पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
स्टोन पेल्टिंग (पत्थरबाजी) के दुष्परिणाम
छात्रों को बताया गया कि चलती ट्रेनों पर पत्थर फेंकना या ट्रैक पर गिट्टी रखना गंभीर अपराध है, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती है और रेलवे को नुकसान होता है। इसके कानूनी परिणामों की भी जानकारी दी गई।
रेलवे ट्रैक पार करने से बचाव व स्वच्छता
विद्यार्थियों को रेलवे ट्रैक पार न करने और स्टेशन व ट्रैक के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
चाइल्ड ट्रैफिकिंग (बाल तस्करी) के प्रति सतर्कता
बच्चों को बाल तस्करी के खतरों के बारे में बताया गया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत हेल्पलाइन 139 या आरपीएफ को देने की सलाह दी गई।
जहरखुरानी से बचाव
यात्रा के दौरान अनजान व्यक्तियों से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार न करने की सलाह दी गई तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत देने के लिए कहा गया।
यात्री सामान की सुरक्षा व ज्वलनशील पदार्थों पर रोक
छात्रों को सामान की सुरक्षा के उपाय बताए गए और स्टेशन परिसर में ज्वलनशील पदार्थ न ले जाने के लिए जागरूक किया गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इन संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण और आरपीएफ स्टाफ भी उपस्थित रहे।












