इटावा में नशा तस्करी पर बड़ा वार: 25 लाख का गांजा बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
संवाददाता रोहित कुमार
इटावा। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिविल लाइन पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत का एक कुंतल दो किलो गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक TUV कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय थे और अलग-अलग क्षेत्रों में गांजा सप्लाई करते थे। संयुक्त टीम की सतर्कता और सघन चेकिंग अभियान के चलते इनकी गिरफ्तारी संभव हो सकी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












