रामलला बुला रहे! बेमेतरा से श्रद्धालुओं की बस रवाना — “गारंटी सरकार” ने पूरा किया वादा, भक्ति में डूबा शहर
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू बेमेतरा | आस्था, उत्साह और भक्ति के अद्भुत संगम के बीच छत्तीसगढ़ शासन की बहुप्रशंसित श्री राम लला दर्शन तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं से भरी बस को विधिवत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जैसे ही बस आगे बढ़ी, “जय श्री राम” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा और उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो गया।
नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने बस को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत कराई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रही “गारंटी सरकार” ने जनता से किए गए वादों को जमीन पर उतारना शुरू कर दिया है। यह योजना इसका जीवंत उदाहरण है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों को भगवान श्री रामलला के दर्शन का सुनहरा अवसर मिल रहा है।
यात्रा में शामिल श्रद्धालु अत्यंत उत्साहित नजर आए। कई यात्रियों ने बताया कि वे लंबे समय से अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन की इच्छा रखते थे, जो अब शासन की इस पहल से पूरी हो रही है। बस के रवाना होते ही श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर यात्रा की सफलता और मंगलमय होने की कामना की।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी बेग साहब, सभापति विकास तम्बोली, सभापति नीतू कोठारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस योजना की सराहना करते हुए शासन का आभार व्यक्त किया।
यह योजना न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त कर रही है, बल्कि समाज के हर वर्ग को जोड़ते हुए सांस्कृतिक एकता का भी संदेश दे रही है। बेमेतरा से रवाना हुई यह बस अब श्रद्धालुओं को प्रभु श्री रामलला के दिव्य दर्शन कराने अयोध्या की ओर अग्रसर है।
ये भी पढ़ें माँ बेल्हा देवी धाम जंक्शन, प्रतापगढ़ में अमृत भारत ट्रेन के शुभारंभ ।












