गाजीपुर में गोआश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
गाजीपुर: जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गोआश्रय स्थलों के संचालन को लेकर जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने सभी गोआश्रय स्थलों की तारबंदी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि गोआश्रय स्थलों पर कार्यरत गोसेवकों एवं रात्रि चौकीदारों को मनरेगा की दर से मासिक भुगतान किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कुछ स्थलों पर हरे चारे की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताते हुए सभी उप जिलाधिकारी व खंड विकास अधिकारियों को दो दिन के भीतर किसानों से अनुबंध कर हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी शेष गोआश्रय स्थलों में तत्काल सीसीटीवी कैमरे व वाई-फाई सुविधा स्थापित कराई जाए।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही ने जानकारी दी कि 15 अप्रैल 2026 से जनपद के सभी गोआश्रय स्थलों में गोवंशों के भरण-पोषण हेतु भूसा संग्रहण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत आगामी छह माह की आवश्यकता के लिए दान एवं क्रय के माध्यम से भूसा एकत्र किया जा रहा है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय, नोडल अधिकारी गोशाला डॉ. राकेश कुमार गौतम सहित जनपद के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें गाजीपुर में बड़ी कार्रवाई: 520 ग्राम हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार












