मेरठ में दर्दनाक हादसा: भीषण आग में बाप-बेटी की मौत, 10 लोग झुलसे
डिप्टी स्टेट ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चौहान 





मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र स्थित रोशनपुर डोरली में रविवार देर रात एक भीषण आग ने दो परिवारों को तबाह कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम बच्ची और उसके पिता की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 1:30 बजे की है, जब मकान में रह रहे लोग गहरी नींद में थे। अचानक लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। चारों तरफ धुआं और आग फैलने से लोग बाहर नहीं निकल पाए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद सभी 12 लोगों को घर से बाहर निकाला गया और पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सागर गिरी (35 वर्ष) और उनकी 8 साल की बेटी शिवानी ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की मौत फेफड़ों में धुआं भर जाने के कारण हुई। घटना के समय मकान में दो परिवार रह रहे थे। एक परिवार सागर गिरी का था, जिसमें उनकी मां, पत्नी और दो बेटे शामिल हैं। वहीं दूसरे परिवार के मुखिया संजय घटना के समय घर पर नहीं थे, लेकिन उनकी पत्नी और बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आशंका है कि घर में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी या टेंट हाउस में रखे ज्वलनशील सामान (कपड़ा और प्लास्टिक) के कारण आग तेजी से फैल गई। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।












