आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चलती बस में भीषण आग: टायर फटते ही मचा हड़कंप,
डिप्टी स्टेट ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चौहान 





आगरा। सोमवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब लखनऊ से गुरुग्राम जा रही एक प्राइवेट बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब 4 बजे किलोमीटर 15.600 पर हुई, जब बस के पिछले टायर में आग भड़कने के बाद तेज धमाका हुआ और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में ड्राइवर समेत कुल 32 यात्री सवार थे। खेरागढ़ निवासी चालक हरेन्द्र वीर सिंह ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। उनकी समझदारी और यात्रियों के सहयोग से सभी लोग समय रहते बस से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि अधिकांश यात्रियों का सामान बस में ही जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बस में मौजूद फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।कुछ देर बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा, जिसे बाद में ओवरटेकिंग लेन से सुचारू कर दिया गया। इस घटना में किसी भी यात्री को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ। सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बसों के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। घटना फतेहाबाद क्षेत्र की बताई जा रही है।












