लखनऊ में पत्नी की हत्या कर ट्रॉली बैग में फेंका शव, गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे पति का खुला राज

लखनऊ में पत्नी की हत्या कर ट्रॉली बैग में फेंका शव, गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे पति का खुला राज

डिप्टी स्टेट ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चौहान

Lucknow के चिनहट इलाके में अफेयर के शक में एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को ट्रॉली बैग में भरकर इंदिरा डैम के पास झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद खुद ही थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराने लगा, लेकिन पूछताछ में बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को उस पर शक हो गया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। मृतका की पहचान 24 वर्षीय यास्मीन के रूप में हुई है, जो आरोपी अल्ताफ उर्फ कल्लू की पत्नी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रात में हुआ विवाद, तड़के उतारा मौत के घाट

जानकारी के मुताबिक, यास्मीन की शादी करीब छह साल पहले चिनहट निवासी अल्ताफ उर्फ कल्लू से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। पुलिस के अनुसार, अल्ताफ को अपनी पत्नी के किसी करीबी रिश्तेदार से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि 13 मई की रात भी दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर झगड़ा हुआ। आरोपी ने पुलिस को बताया कि 14 मई की तड़के करीब 4 बजे उसने गला दबाकर यास्मीन की हत्या कर दी।

शव को पॉलीथिन में लपेटकर ट्रॉली बैग में भरा

हत्या के बाद आरोपी ने शव को पॉलीथिन में लपेटा और ट्रॉली बैग में भर दिया। इसके बाद वह बैग को लेकर चिनहट बाजार पहुंचा और ई-रिक्शा बुक कर इंदिरा डैम पहुंच गया। वहां उसने बैग को झाड़ियों में फेंक दिया और वापस घर लौट आया। घर पहुंचकर उसने परिवार वालों से कहा कि यास्मीन कहीं चली गई है। परिजनों के कहने पर वह खुद ही चिनहट थाने पहुंचा और पत्नी के लापता होने की सूचना देने लगा।

बयान बदलने पर पुलिस को हुआ शक

थाने में पूछताछ के दौरान अल्ताफ बार-बार अपने बयान बदलता रहा। इस पर पुलिस को शक हुआ और उससे सख्ती से पूछताछ की गई। आखिरकार उसने पत्नी की हत्या की बात स्वीकार कर ली।
इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर इंदिरा डैम पहुंची, जहां उसकी निशानदेही पर ट्रॉली बैग में बंद यास्मीन का शव बरामद हुआ।
मृतका के पिता ने लगाया ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
मृतका के पिता मोहम्मद सईद ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या अल्ताफ और उसके परिवार वालों ने मिलकर की है। उन्होंने कहा कि हत्या के बाद आरोपी घर आया और झूठ बोलने लगा कि यास्मीन भाग गई है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें