लापरवाही की लिफ्ट: सुलतानपुर रेलवे स्टेशन पर दो भाई फंसे, मदद के लिए सांसद कार्यालय को करना पड़ा कॉल
संवाददाता: आयशा अल ग़ज़ल. सुलतानपुर:रेलवे प्रशासन की लापरवाही का एक गंभीर मामला सुलतानपुर रेलवे स्टेशन पर सामने आया है, जहां देर रात दो भाई स्टेशन की लिफ्ट में फंस गए। दोनों लड़के अपनी मां के साथ दिल्ली जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। पूछताछ के लिए उन्होंने लिफ्ट का सहारा लिया, लेकिन जैसे ही लिफ्ट ऊपर पहुंची, वह अचानक बंद हो गई और दोनों भाई उसमें फंस गए।
बताया जा रहा है कि भाइयों में से एक ने फौरन मोबाइल के जरिए अपने पिता को सूचना दी। पिता ने रेलवे अधिकारियों को बार-बार कॉल किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। लिफ्ट में फंसे लड़कों की मां प्लेटफॉर्म पर मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन रेलवे के कर्मचारी मौके से नदारद रहे।
स्थिति बिगड़ती देख पिता ने सीधे सांसद मेनका गांधी के कार्यालय में संपर्क कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद ही प्रशासन हरकत में आया और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मां का रो-रो कर बुरा हाल हो गया और अफरा-तफरी में उनकी दिल्ली जाने वाली ट्रेन भी छूट गई।
इस घटना ने रेलवे की आपात सेवाओं और स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अब सख्त कदम उठाने की मांग जोर पकड़ रही है।
ये भी पढ़ें राष्ट्रीय हिन्दू फ्रंट ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन












