लखनऊ में भारी बारिश बना काल नाले में बहा युवक, तलाश में जुटी SDRF और पुलिस
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत. लखनऊ: राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। भारी बारिश के चलते मंजू टंडन ढाल के पास एक 40 वर्षीय युवक सुरेश लोधी नाले में गिर गया और बह गया। हादसा उस वक्त हुआ जब सुरेश लोधी सुबह बारिश के बीच सड़क पार कर रहे थे, लेकिन पानी भरे इलाके और नाले के बीच फर्क न कर पाने के कारण वे नाले में गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही ठाकुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम को बुलाया गया। दोनों टीमें मिलकर युवक की तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
इधर, हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों ने नगर निगम और क्षेत्रीय पार्षद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते नाले को ढंका गया होता या उचित चेतावनी बोर्ड लगाए गए होते, तो यह हादसा टल सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में हर बारिश में जलभराव और नाले का खतरा बना रहता है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
फिलहाल SDRF और पुलिस की टीमें युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। प्रशासन की ओर से भी कहा गया है कि जल्द से जल्द युवक को खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
यह हादसा नगर निगम की लापरवाही और बारिश के दौरान सुरक्षा उपायों की पोल खोलता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें काली नदी में डूबे व्यक्ति की दर्दनाक मौत, भैंसों को पानी पिलाते समय फिसला पैर, गांव में छाया मातम












