एटा में गैस क्रांति की ओर बड़ा कदम: घर-घर पहुंचेगी पाइप्ड गैस, उद्योगों को मिलेगी सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा।

एटा में गैस क्रांति की ओर बड़ा कदम: घर-घर पहुंचेगी पाइप्ड गैस, उद्योगों को मिलेगी सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा।

संवाददाता अमन अहमद। एटा, 12 जून। जनपद एटा में स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक में परियोजना की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अब तक हुए कार्यों की जानकारी दी तथा आगामी चरणों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि फिरोजाबाद सीजीएस से इसौली चौराहा होते हुए अवागढ़ तक स्टील गैस पाइपलाइन बिछाने और उसकी टेस्टिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां भी प्राप्त हो चुकी हैं, जिसके चलते अवागढ़ क्षेत्र में जल्द ही गैस आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है। वहीं जलेसर क्षेत्र में प्रस्तावित 15 किलोमीटर लंबी स्टील पाइपलाइन में से लगभग 14.7 किलोमीटर कार्य पूर्ण किया जा चुका है और रेलवे क्रॉसिंग का कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है।

औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से लगभग 18 किलोमीटर एमडीपीई पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से जारी है। कासगंज रोड स्थित चिकोरी उद्योगों सहित कई औद्योगिक इकाइयों को शीघ्र ही पाइप्ड प्राकृतिक गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इससे उद्योगों की ऊर्जा लागत कम होगी, उत्पादन क्षमता बढ़ेगी तथा पर्यावरण प्रदूषण में भी कमी आएगी।

परियोजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) उपलब्ध कराने की दिशा में भी तेजी से कार्य हो रहा है। पीएनजी सुविधा शुरू होने के बाद लोगों को गैस सिलेंडर की बुकिंग, ढुलाई और समय-समय पर रिफिल की परेशानियों से मुक्ति मिलेगी। साथ ही निरंतर और सुरक्षित गैस आपूर्ति का लाभ भी प्राप्त होगा।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक एनओसी और अनुमतियां प्राथमिकता के आधार पर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जनसुविधा, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी स्तर पर देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परियोजना की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक माह समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर जनपदवासियों को इसका लाभ उपलब्ध कराया जाए।

ये भी पढ़ें केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष स्वच्छता अभियान

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें