सहारनपुर में अवैध भ्रूण लिंग जांच का भंडाफोड़, नागल के सोमवाल नर्सिंग होम की संचालक समेत चार पर मुकदमा
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर सहारनपुर क्षेत्र
सहारनपुर जनपद में अवैध भ्रूण लिंग जांच के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के सोनीपत से पहुंची पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) टीम ने मंगलवार को छापेमारी कर कथित रूप से भ्रूण के लिंग की जांच करते हुए आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस मामले में थाना नागल में नागल स्थित सोमवाल नर्सिंग होम की संचालक डॉ. अर्चना सोमवाल समेत चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं एवं पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दर्ज तहरीर के अनुसार, जांच में सामने आया कि अवैध रूप से भ्रूण के लिंग की जांच कराने के लिए दलालों का एक नेटवर्क सक्रिय था। आरोप है कि बिना पंजीकरण वाली पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन का उपयोग कर गर्भवती महिलाओं के भ्रूण का लिंग बताया जा रहा था, जो कानूनन प्रतिबंधित है। शिकायत के अनुसार, सोनीपत के सिविल सर्जन एवं जिला समुचित प्राधिकरण को सूचना मिली थी कि पानीपत निवासी यामिन खान गर्भवती महिलाओं की अवैध भ्रूण लिंग जांच कराने का कार्य करता है। सूचना के सत्यापन के बाद पीसीपीएनडीटी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और छापेमारी के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इस प्रकार की गतिविधियां संचालित होने के बावजूद समय रहते कार्रवाई न होने से विभाग की नियमित निगरानी और निरीक्षण व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।












