ऑपरेशन दहन: एटा पुलिस ने 6.16 करोड़ रुपये का 1233 किलो से अधिक गांजा कराया नष्ट
जिला संवादाता काव्यांश रावत एटा। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत एटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 करोड़ 16 लाख 82 हजार 500 रुपये मूल्य के 1233.65 किलोग्राम अवैध गांजा को न्यायालय के आदेश के बाद नष्ट कराया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा संपन्न कराई गई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह और प्रभारी निरीक्षक डीसीआरबी छत्तर पाल सिंह भी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, थाना मलावन के दो मुकदमों से बरामद 255.66 किलोग्राम, थाना पिलुआ के एक मुकदमे से 130.59 किलोग्राम तथा थाना मारहरा के दो मुकदमों से 847.40 किलोग्राम गांजा सहित कुल पांच अभियोगों में जब्त 1233.65 किलोग्राम अवैध गांजा का मंगलवार को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में विनिष्टीकरण कराया गया।
जब्त मादक पदार्थों को आगरा स्थित जेआरआर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, एत्मादपुर के माध्यम से नष्ट किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त संदेश देने और जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ये भी पढ़ें एटा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भव्य आयोजन, 370 जोड़ों का विवाह और निकाह संपन्न












