प्रतापगढ़ डीएम की बैठक से तीन अफसर गायब, कारण बताओ नोटिस जारी

प्रतापगढ़ डीएम की बैठक से तीन अफसर गायब, कारण बताओ नोटिस जारी
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता अभियान की समीक्षा में लापरवाही पर डीएम सख्त
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा स्वच्छता अभियान की समीक्षा बैठक में तीन विभागीय अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। बैठक के दौरान हाजिरी की समीक्षा में अधिशासी अभियंता सिंचाई, उप कृषि निदेशक और जिला कृषि अधिकारी के गैरहाजिर मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए तीनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में बेल्हा देवी स्थित बंद पड़े एसटीपी की स्थिति पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर एसटीपी को शीघ्र संचालित कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक विभाग को 500-500 पौधे लगाने, स्कूलों के बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही कुंडा स्थित हौदेश्वरनाथ गंगा घाट पर नियमित गंगा आरती शुरू कराने और गंगा तट की स्वच्छता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें