तहसील रानीगंज में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन, अधिकारियों ने सुनीं जन-समस्याएं।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। रानीगंज। शासन की मंशानुसार जन-समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार, 01 अगस्त 2026 को तहसील रानीगंज में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज श्री प्रशान्त राज ने उपजिलाधिकारी रानीगंज के साथ संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
समाधान दिवस में पुलिस, राजस्व एवं अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं।
अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कई प्रकरणों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में निस्तारण कराया।
अधिकारियों ने लंबित शिकायतों के संबंध में संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजस्व कर्मियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जन-समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
विशेष रूप से भूमि विवाद एवं पुलिस-राजस्व से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए संयुक्त टीमों का गठन कर संबंधित स्थलों पर जाकर निष्पक्ष जांच करने तथा नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी रानीगंज एवं राजस्व अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ जनसमस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर तहसील प्रशासन, पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












