भीषण बारिश में छप्पर के नीचे अनाथ नातिन के साथ रहने को मजबूर बुजुर्ग विधवा, सरकार से लगाई मदद की गुहार
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़ / महेशगंज थाना क्षेत्र के राजापुर ग्रामसभा नरियांवा के हरदत्त का पुरवा की रहने वाली बुजुर्ग विधवा सीता मिश्रा ने सरकार और समाज के लोगों से मदद की करुण पुकार लगाई है।
बुजुर्ग सीता मिश्रा पत्नी स्वर्गीय शेषनाथ मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर बताया कि वह अपनी बिना मां-बाप की अनाथ नातिन के साथ टूटे-फूटे छप्पर में रहने को मजबूर हैं। गांव में मजदूरी कर किसी तरह नातिन का भरण-पोषण करती थीं, लेकिन बढ़ती उम्र और बीमारी के कारण अब मजदूरी करने में असमर्थ हैं।
भीषण बारिश में छप्पर टपकता है, जिससे बुजुर्ग महिला और बच्ची दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़िता ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार, जिलाधिकारी प्रतापगढ़ और समाज के दयावान नागरिकों से हाथ जोड़कर आवास, पेंशन, शौचालय सहित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की अपील की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि मानवीय आधार पर बुजुर्ग विधवा महिला की मदद की जाए।












