बाबूगंज रेलवे फाटक पर ट्रेन से कटकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
कुंडा/प्रतापगढ़। कुंडा क्षेत्र के बाबूगंज रेलवे फाटक के पास रविवार रात दर्दनाक हादसे में ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान सोनू शुक्ला पुत्र कमलेश शुक्ला, निवासी खेमीपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि सोनू दो भाइयों में बड़ा था उसकी मां विशाखा शुक्ला क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) हैं।
बताया जा रहा है कि लखनऊ से प्रयागराज की ओर जा रही नौचंदी एक्सप्रेस बाबूगंज रेलवे फाटक के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान युवक ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।












