आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना से मचा हड़कंप, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली कमान
संवादाता :पंकज मिश्रा
मैनपुरी। बेवर थाना क्षेत्र की नवीगंज चौकी अंतर्गत दौदापुर गांव में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना से रविवार को गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीओ भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली।
बताया गया कि गांव में आंबेडकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचने की सूचना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मामले को लेकर गांव के दो पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत की और मामले की जानकारी जुटाई।
मामले में गांव निवासी सनी प्रताप ने थाने में तहरीर देकर ग्राम प्रधान और उनके पुत्र पर प्रतिमा को लेकर साजिश करने का आरोप लगाया। वहीं ग्राम प्रधान ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि प्रतिमा को किसी व्यक्ति द्वारा क्षतिग्रस्त नहीं किया गया है, बल्कि बारिश के कारण नुकसान होने की बात सामने आई है।
विवाद की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। सीओ भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी के अनुसार, मौके पर प्रतिमा को कोई नुकसान नहीं मिला। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस ने दोनों पक्षों को पाबंद करते हुए स्पष्ट किया कि गांव में किसी भी तरह की अशांति फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।












