मथुरा: विधायक श्रीकांत शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया शुभारंभ
रिपोर्ट: जय भगवान बघेल मथुरा, उत्तर प्रदेश। संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से विधायक पं. श्रीकांत शर्मा ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस दौरान विधायक ने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव नहीं होने देने और मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया समेत वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए सावधानी और जागरूकता जरूरी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बताया कि जनपद में 1 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। वहीं 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान भी संचालित किया जाएगा। अभियान में विभिन्न विभागों के सहयोग से लोगों को संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया जाएगा।
रैली में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, प्रशिक्षु एएनएम, शहरी आशा कार्यकर्ताओं, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा नगर निगम मथुरा-वृंदावन के कर्मचारियों ने भाग लिया।
रैली के समापन के बाद आयोजित सभा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कर्मचारियों को संचारी रोगों से बचाव की शपथ दिलाई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लोगों को दी गईं ये सावधानियां
- पानी के बर्तन, ड्रम और टंकी को ढककर रखें।
- सप्ताह में कम से कम एक बार पानी के बर्तनों को खाली कर साफ करें।
- घर और आसपास टूटे बर्तन, टायर, गमले आदि में पानी जमा न होने दें।
- सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।
- शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं।
- बुखार होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।
- चिकित्सक की सलाह के अनुसार दवा नियमित और पूरी लें।
- तेज बुखार होने पर एस्पिरिन या इबुप्रोफेन जैसी दवाएं बिना चिकित्सकीय सलाह के न लें।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी योगेंद्र, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वीबीडी) डॉ. अनुज चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।












