मथुरा: आठ दिवसीय अग्रसेन रंग महोत्सव में सेवा, संस्कृति और मनोरंजन का संगम 8 अक्टूबर से शुरू होगा महोत्सव, 12 को निकलेगी भव्य अग्रसेन शोभायात्रा, 13 से 15 अक्टूबर तक लगेगा विशाल मेला

मथुरा: आठ दिवसीय अग्रसेन रंग महोत्सव में सेवा, संस्कृति और मनोरंजन का संगम

8 अक्टूबर से शुरू होगा महोत्सव, 12 को निकलेगी भव्य अग्रसेन शोभायात्रा, 13 से 15 अक्टूबर तक लगेगा विशाल मेला

रिपोर्ट जय भगवान बघेल  मथुरा। श्री अग्रवाल सभा (रजि.), मथुरा द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में आठ दिवसीय अग्रसेन रंग महोत्सव-2026 का आयोजन 8 से 15 अक्टूबर तक किया जाएगा। अग्रवाटिका में आयोजित पत्रकार वार्ता में सभा के पदाधिकारियों ने महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा जारी की। महोत्सव में सामाजिक सेवा, चिकित्सा, धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शोभायात्रा, कवि सम्मेलन और मनोरंजन के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सभा के मीडिया प्रभारी सचिन घी वाले ने बताया कि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ 8 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे वृद्धाश्रम में निवासरत महिलाओं के लिए वस्त्र एवं खाद्य सामग्री सहयोग के साथ होगा। शाम 5 बजे सृजन संस्था, ट्रांसपोर्ट नगर, सौंध रोड को सहयोग राशि भेंट कर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया जाएगा। 9 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। इसी दिन दोपहर तीन बजे अग्रवाटिका में दिव्यांग सेवा शिविर आयोजित होगा। प्रातः 11 बजे अग्रवाटिका में रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। शाम छह बजे यमुना पार अग्रेसनघाट पर दीपदान कार्यक्रम होगा।

11 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे अग्रवाटिका में माल्यार्पण एवं कलश यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके बाद तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला में ध्वजारोहण, हवन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सहभोज होगा। आयोजकों के अनुसार विभिन्न कार्यक्रमों में समाज के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 12 अक्टूबर को निकलने वाली भव्य अग्रसेन शोभायात्रा होगी। मुख्य जयंती संयोजक किशोर मित्तल एवं शोभायात्रा संयोजक रोहित अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा शाम चार बजे चम्पा अग्रवाल इंटर कॉलेज, भरतपुर गेट से प्रारंभ होकर घीया मंडी, चौक बाजार, विश्राम बाजार और छत्ता बाजार होते हुए होलीगेट पहुंचेगी। यहां तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला समिति द्वारा महाराजा अग्रसेन एवं राजकुमारों का स्वागत-सम्मान किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा का सहभोज आयोजित होगा। इस दौरान विभिन्न स्वरूपों एवं झांकियों के माध्यम से अग्रसेन जी के संदेश और सामाजिक समरसता को प्रस्तुत किया जाएगा।

13, 14 और 15 अक्टूबर को बीएसए डिग्री कॉलेज में विशाल अग्रसेन मेला आयोजित किया जाएगा। मेला स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। प्रथम दिन सम्मान समारोह के बाद विराट कवि सम्मेलन होगा, जिसमें देश के प्रमुख कवि भाग लेंगे। दूसरे दिन महिला समिति द्वारा रंगारंग मंचीय कार्यक्रम एवं संदेशात्मक नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। इसी दिन मुंबई के प्रसिद्ध रॉक बैंड को आमंत्रित किया गया है, जो भजन-जैमिंग के माध्यम से धार्मिक भजनों को आधुनिक संगीत के साथ प्रस्तुत करेगा। महोत्सव के अंतिम दिन बॉलीवुड कलाकार पलक मुछाल की प्रस्तुति होगी।

मुख्य चुनाव अधिकारी एवं मेला संरक्षक जयंती प्रसाद अग्रवाल ने समाज के लोगों से सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। पत्रकार वार्ता में उपाध्यक्ष योगेश बंसल, संगठन मंत्री धीरज गोयल, कोषाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, प्रचार मंत्री संदीप अड़ूकी सहित सभा के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें